
जबलपुर : मध्य प्रदेश के जबलपुर में देर रात हुए दोहरे हत्याकांड ने सनसनी का माहौल बना दिया. दरअसल, चरित्र शंका के चलते एक व्यक्ति ने पहले किराएदार और फिर अपनी पत्नी की चाकू से हमला करके बेरहमी से हत्या कर दी. बता दें कि, आरोपी की तीन छोटी-छोटी बेटियां हैं और उसने अपनी पत्नी से प्रेम विवाह किया था. ये भी बता दें कि, दोहरे हत्याकांड की ये वारदात ओमती थाना इलाके की है और थाने से महज चंद कदमों की दूरी पर हुई है. हालांकि, घटना के महज तीन घंटों के भीतर ही पुलिस ने दोहरे हत्याकांड को अंजाम देकर सनसनी फैलाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था. देर रात ही आरोपी से पूछताछ शुरु कर दी गई थी.
घंटाघर के समीप उड़िया मोहल्ला मार्ग पर नाले के किनारे टपरानुमा मकान में मोहम्मद इब्राहिम पत्नी राबिया और तीन बच्चों के साथ ससुराल में रह रहा था. उसने राबिया से लव मैरिज किया था. मोहम्मद इब्राहिम दमोह का रहने वाला है, जो कुछ समय से ससुराल में ही रहकर वेल्डिंग का काम करने लगा था.
पूरा मामला
मोहम्मद इब्राहिम की सास ने पुलिस को बताया कि किराए से ही उसका घर चलता है. शकील भी उसी मकान में किराए से रह रहा था, वह घोड़ा बग्घी चलाता था. शकील का वहां किराए से रहना इब्राहिम को पसंद नहीं था.वह बेटी राबिया के चरित्र पर संदेह करता था. कई बार इसे लेकर घर में कलह हुई थी. मंगलवार रात 10.30 बजे खाना खाने के दौरान पति-पत्नी विवाद हुआ. इसके बाद मोहम्मद इब्राहिम चाकू लेकर गुस्से में घर से निकला. उस समय शकील अपने घोड़ा बग्घी के पास खड़ा था. तभी उसने चाकू से उसके पेट व पीठ पर वार कर दिया. शकील ने बचने के लिए दौड़ लगा दी.शोर सुनकर इब्राहिम की पत्नी राबिया निकली तो चाकू उसकी छाती में घोंप दिया. राबिया मौके पर ही बेहोश होकर गिर गई.आरोपी इब्राहिम चाकू लहराते हुए भाग निकला.मोहल्ले वालों की मदद से दोनों को विक्टोरिया अस्पताल भिजवाया गया. जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया.

पुलिस ने आरोपी को तीन घंटे के अंदर दबोचा
दोहरे हत्याकांड की खबर मिलते ही टीआई एसपीएस बघेल सहित सीएसपी ओमती, एएसपी सिटी रोहित काशवानी भी एफएसएल टीम के साथ पहुंचे. ओमती पुलिस ने प्रकरण में हत्या का मामला दर्ज करते हुए तीन घंटे के अंदर आरोपी इब्राहिम को दबोच लिया. उसे हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ में जुटी है. पुलिस ने आरोपी से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद करने की कोशिश में जुटी है. हत्या की वजह प्रेम त्रिकोण के रूप में सामने आया है. इब्राहिम को संदेह था कि उसकी पत्नी का शकील से संबंध हैं. इसी बात को लेकर उनके घर में कई दिनाें से विवाद भी हो रहा था.
