
महाराष्ट्र के MLC चुनावों में उद्धव सरकार को बड़ा झटका लगा है। चुनावों में महा विकास अघाड़ी सरकार के केवल 5 उम्मीदवार जीतकर आये, जिसके बाद उद्धव सरकार पर खतरा मंडरा रहा है। इस राजनीतिक संकट पर भारतीय जनता पार्टी के महाराष्ट्र सह प्रभारी जयभान सिंह पवैया का बड़ा बयान सामने आया है।
उद्धव सरकार को मिली हार के बाद उसके सीनियर नेता और सरकार में मंत्री एकनाथ शिंदे ने बागी तेवर अपना लिये हैं। वह पार्टी के तकरीबन 20 विधायकों को लेकर गुजरात के सूरत पहुंच गए हैं, सूत्रों के अनुसार विधायकों की संख्या 35 तक पहुँच गई है , बताया जा रहा है कि शिंदे दोपहर करीब 2 बजे शिंदे अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले हैं। दूसरी तरफ सीएम उद्धव ठाकरे भी एक्शन मोड में आ गए हैं वे भी गठबंधन के साथ बैठक कर रहे हैं।
महाराष्ट्र में आये राजनीतिक संकट पर भाजपा के सह प्रभारी जयभान सिंह पवैया ने ग्वालियर में कहा कि विधान परिषद चुनावों में कांग्रेस और शिवसेना ने जिस तरह मुंह की खाई है और कम वोट होने के बावजूद राज्यसभा में हमने अपने एक प्रत्याशी को जिताया, जो ये बताता है कि उद्धव सरकार अपने विधायकों का विश्वास खो चुकी है। उन्होंने कहा कि हम अपनी तरफ से कुछ नहीं कर रहे , हम महाराष्ट्र को राजनीतिक संकट में डालना नहीं चाहते, उद्धव सरकार का पतन उसके कुनबे के कारण ही होने वाला है।
आपको बता दें कि कल विधान परिषद (MLC) चुनाव में शिवसेना के कुछ विधायकों ने क्रॉस वोट किया, जिसके चलते पार्टी को नुकसान हुआ। सोमवार देर रात महाराष्ट्र की 10 सीटों पर विधान परिषद चुनाव (MLC Elections) के नतीजे घोषित हुए , इसमें बीजेपी के 5 उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की, जबकि NCP और शिवसेना के 2-2 उम्मीदवार जीते कांग्रेस को केवलएक सीट पर जीत मिली।
