
रतलाम जिले के आलोट विकासखंड मुख्यालय से 10 किलोमीटर दूर ग्राम बरडिया राठौड़ में बीती रात करीब 1 बजे पुलिस पर ग्रामीणाें ने हमला कर दिया जिसमें डायल 100 के चालक सहित दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।जानकारी के अनुसार, यह मामला जिले के आलोट से 10 किलोमीटर दूर बर्डिया राठौर गांव में रामनवमी के मौके पर लॉक डाउन होने के बावजूद रामलीला का आयोजन किया जा रहा था जिसकी खबर डायल 100 को मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जहां पुलिस ने ग्रामीणों से रामलीला बंद करने को कहा लेकिन वे नहीं माने और दबाव बढ़ता देख नाराज ग्रामीणों ने लाइट बंद कर पुलिसकर्मियों पर पथराव कर दिया। जिसमें डायल 100 के सहायक उप निरीक्षक आरसी गौड़, आरक्षक विक्रम चौधरी एवं चालक अशोक चौहान घायल हो गए और जैसे तैसे वाहन लेकर आलोट पहुंचे।
पुलिस ने मामला किया दर्ज
बाद में थाना प्रभारी, एसडीओपी सहित 50 से अधिक पुलिसकर्मी गांव में पहुंचे और ग्रामीणों को मौके से हटाया। पुलिस कारवाई में गांव वाले गांव छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने 15 लोगों पर नामजद सहित अन्य 50 लोगों पर प्रकरण दर्ज कर दिया है। ग्रामीणों के अनुसार आलोट पुलिस ने बाद में लोगों के घर के बाहर खड़े वाहनों पर लाठी और तोड़फोड़ की। दिलीप सिंह के मकान फ्रिज कूलर पंखे भी तोड़ दिए, लेकिन अभी तक कोई भी ग्रामीण पुलिस के खिलाफ शिकायत करने नहीं पहुंचा। फिलहाल घायल पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है
