
प्रदेश के रीवा जिले में 6 हजार रुपए की घूस लेते हुए रंगेहाथ थाना प्रभारी व दो अन्य पुलिसकर्मी पकड़ाए।रिश्वत नही देने पर डंपर जब्त किए। मामला रीवा जिले के गोविंदगढ़ में थाना प्रभारी समेत दो पुलिसकर्मियों को 6 हजार रुपए की घूस लेते थाना परिसर में रंगेहाथ पकड़ाए। गोविंदगढ़ निरीक्षक थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह परिहार, प्रधान आरक्षक बबुआ सिंह और आरक्षक राजकुमार को पकड़ा गया है।
बताया जा रहा है कि गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के खंडों में वाहनों की एंट्री देने को लेकर पैसों की मांग की जा रही थी। जहां शिकायतकर्ता मुनीष कुमार सिंह पटेल पिता महेंद्र कुमार पटेल ने लोकायुक्त से शिकायत की थी। आवेदक ने कहा था कि वाहनों की एंट्री के एवज में गोविंदगढ़ थाना टीआई विरेन्द्र सिंह परिहार, प्रधान आरक्षक बबुआ सिंह थाना गोविंदगढ़ जिला रीवा और आरक्षक राजकुमार थाना गोविंदगढ़ जिला रीवा द्वारा 6 हजार की रिश्वत मांगी गई थी। पुलिस अधिकारियों द्वारा मांगी गई रिश्वत की शिकायत शिकायतकर्ता मुनीष कुमार सिंह पटेल ग्राम पोस्ट मढ़ा तहसील रामपुर नैकिन जिला सीधी द्वारा रीवा लोकायुक्त में की गई थी। जिस पर योजनाबद्ध तरीके से लोकायुक्त टीम ने 6 हजार की रिश्वत लेते हुए रविवार की सुबह थाना प्रभारी निरीक्षक टीआई, प्रधान आरक्षक और आरक्षक को रंगे हांथो पकड़ा है।
तस्कर ने पैसे नहीं बढ़ाए तो डंपर जब्त किया
आरोप है कि सोन नदी से रेत तस्करी के लिए 4 डंपर के बदले गोविंदगढ़ थाना पुलिस 12 हजार रुपए महीना लेती थी। लेकिन अब 15 हजार रुपए महीना मांगने लगी। जब तस्कर ने रकम नहीं बढ़ाई तो पुलिस ने डंपर पकड़ लिया।
थाने के अंदर पकड़ाए तीनों
रेत तस्कर का डंपर नहीं देने पर, मामले को रफा-दफा करने के लिए पुलिसकर्मी 6 हजार रुपए ले रहे थे। उसी समय लोकायुक्त एसपी गोपाल सिंह धाकड़ ने टीम के साथ सुबह 11 बजे थाने के अंदर से तीनों को पकड़ा।
गोविंदगढ़ थाना टीआई विरेन्द्र सिंह परिहार, प्रधान आरक्षक बबुआ सिंह और आरक्षक राजकुमार द्वारा रिश्वत लेने के मामले में रंगे हांथो दबोचे जाने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. लोकायुक्त टीम की कार्रवाई जारी है.लोकायुक्त की इस कार्यवाही में उप पुलिस अधीक्षक श्री प्रवीण सिंह परिहार, निरीक्षक प्रमेंद्र कुमार समेत 20 सदस्यीय टीम ने की हैं।
