
रतलाम के रत्तागढखेड़ा में गांव के ही सुरेश लोढा ने अपनी पत्नी से हुए दुष्कर्म का बदला लेने के लिए डेटोनेटर लगाकर लाला सिंह की हत्या की थी। मृतक लाला सिंह ,भंवरलाल और दिनेश ने 1 वर्ष पूर्व आरोपी सुरेश की पत्नी से दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था।
जिसका बदला लेने के लिए उसने स्टार्टर में डेटोनेटर के तार लगाकर हत्या करने की योजना बनाई। कुछ महीने पहले उसने भंवरलाल को भी डेटोनेटर से उड़ाने का प्रयास किया था। लेकिन वह सफल नहीं हो सका था। जिसके बाद उसने लाला सिंह के खेत पर स्टार्टर से डेटोनेटर जोड़ कर ट्रेप तैयार किया।लाला सिंह ने जैसे ही स्टार्टर का बटन दबाया तो वह विस्फोट की चपेट में आ गया। रतलाम जिले में पहली बार विस्फोटक से ब्लास्ट कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। बिलपांक थाना पुलिस ने आरोपी को मंदसौर से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं आरोपी सुरेश की पत्नी की शिकायत पर दुष्कर्म के मामले में भी मृतक और उसके दोषियों के विरुद्ध दर्ज किया गया है।
फिल्मी अंदाज में बदला लिया
आरोपी सुरेश ने किसी फिल्मी कहानी की तरह अपनी पत्नी से हुए दुष्कर्म का बदला लेने की ठानी। मृतक लाला सिंह , भंवरलाल और दिनेश ने आरोपी सुरेश की पत्नी से 1 वर्ष पहले दुष्कर्म किया था। और शिकायत करने पर दोनों को जान से मारने की धमकी दी थी। अपनी पत्नी के अपमान का बदला लेने के लिए सुरेश ने तीनों लोगों को विस्फोट से उड़ाने की योजना बना ली।
सुरेश ने सबसे पहले भंवरलाल को विस्फोट से उड़ाने का प्रयास किया लेकिन ठीक से विस्फोट नहीं होने की वजह से भंवरलाल बच गया। जिसके बाद उसने लाला सिंह के ट्यूबवेल की मोटर के स्टार्टर में विस्फोटक के तार लगाकर ट्रेप तैयार कर दिया।सुरेश ने इस बार 14 जिलेटिन की छड़े विस्फोट के लिए इस्तेमाल की। इसके बाद लाला सिंह ने जैसे ही स्टार्टर का बटन दबाया तो धमाके से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि गांव का सुरेश लोढ़ा घटना के दिन से ही अपने परिवार के साथ बाहर गया हुआ है। पुलिस ने जब उसकी तलाश की तो वह मंदसौर से गिरफ्तार किया गया। जहां पुलिस पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
