
रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता नंद कुमार बघेल के खिलाफ राजधानी के डीडी नगर थाने में धारा 153-ए और 505- ए – ख के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है. पुलिस ने अवनेश पांडेय, सौमित्र मोहन मिश्रा और ब्राह्मण समाज के अन्य सदस्यों की शिकायत पर नंद कुमार बघेल के खिलाफ साम्प्रदायिक भावना को भड़काने और समाजिक माहौल खराब की धाराओं में मामला दर्ज किया है.
बता दें कि सोशल मीडिया में नंद कुमार बघेल की एक वर्ग विशेष के खिलाफ की गई टिप्पणी वायरल हो रही है. इस बात की जानकारी होने पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने पिता के बयान पर दुःख जताते हुए कहा था कि सोशल मीडिया में यह बात कही जा रही है कि नंदकुमार बघेल पर इसलिए कार्यवाही नहीं होगी क्योंकि वे मुख्यमंत्री के पिता हैं.
उन्होंने कहा कि एक पुत्र के रूप में मैं उनका सम्मान करता हूं, लेकिन एक मुख्यमंत्री के रूप में उनकी किसी भी ऐसी गलती को माफ नहीं किया जा सकता जो सार्वजनिक व्यवस्था को बिगाड़ने वाली हो. उनकी सरकार सभी को एक ही दृष्टि से देखती है. उनकी सरकार में कोई भी कानून से ऊपर नहीं है फिर चाहे वो मुख्यमंत्री के 86 साल के पिता ही क्यों न हो.
