
सीधी :पथरौला कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस चौकी पोड़ी के ग्राम ददरी में गत गुरुवार को नग्न अवस्था में एक अचेत महिला मिली थी परिजनों के द्वारा उपचार के लिए जनकपुर छत्तीसगढ़ ले जाते समय उक्त महिला की रास्ते में ही मौत हो गई l महिला के परिजनों के द्वारा महिला के साथ गांव के लोगों द्वारा मारपीट करने का आरोप लगाया गया है l
घटना के संबंध में परिजनों द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक सुखमंती सिंह पति नाहर सिंह उम्र 32 वर्ष निवासी ग्राम हरचोका थाना जनकपुर छत्तीसगढ़ का मानसिक संतुलन तकरीबन 15 दिन पूर्व से खराब था l इसलिए उक्त महिला अपने मायके ग्राम नागपोखर थाना कुसमी में रहती थी l बताया गया कि दिमागी हालत ठीक नहीं होने के कारण उक्त महिला को घर वालों की निगरानी के बीच रखा जाता था l लेकिन बीते 1 सितंबर को शाम तकरीबन 7:00 बजे घर के लोग अपने काम में व्यस्त थे उसी समय मौका पाकर महिला घर से बाहर निकल गई जब महिला परिजनों को घर में नहीं दिखाई दी तो आसपास खोजबीन की गई लेकिन उसका कहीं भी पता नहीं चला l
महिला के परिजनों ने बताया कि 2 सितंबर को सुबह तकरीबन 8:00 बजे गांव का ही रामबदन पठारी घर आकर बताया कि सुखमंती हमारे घर के पास है l उसे चल कर ले आओ किंतु जब हम लोग पहुंचे तो महिला नग्न अवस्था मे औधे मुह जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ी थी और पूरे पीठ में नीला सयाह चोट के निशान मौजूद थे सांसे चल रही थी l यह देख महिला को उपचार के लिए जनकपुर छत्तीसगढ़ लेकर जा रहे थे l लेकिन महिला ने सुबह तकरीबन 11:00 बजे रास्ते में ही दम तोड़ दिया परिजनों ने बताया कि महिला की मौत होने के बाद शव को रामबदन पठारी के घर के पास ले जाकर रख दिए और घटना की सूचना पुलिस चौकी पोडी मे दी गई l सूचना उपरांत मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा शव को पोडी मरचुरी मे रखवाया गया तत्पश्चात आज शाम 3:00 बजे एक महिला चिकित्सक सहित तीन चिकित्सकों की टीम द्वारा शव का पोस्टमार्टम किया गया तदुपरांत परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया है l पोडी पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर मामले की विवेचना की जा रही है l
परिजनों ने लगाया मारपीट का आरोप घटना के संबंध में परिजनों का कहना था कि यह बात सही है कि मृत महिला की मानसिक हालत ठीक नहीं थी वह कपड़ा भी शरीर से निकाल कर फेंक देती थी लेकिन घटनास्थल के आसपास के लोगों द्वारा बताया गया कि गांव के पठारी परिवार द्वारा प्रातः 4:00 बजे उसे लाठियों से पीटा गया है l मृतक महिला के मायके और ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपियों के गिरफ्तारी की मांग की गई है l फिलहाल पोडी पुलिस द्वारा रामबदन पठारी से पूछताछ की जा रही है l
