
मुरैना। लौकी के खेत में जबरन भैंस चराने को लेकर दो परिवारों में मामला इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के लोग एकत्रित होकर आ गए। उन्होंने खेत मालिक के पूरे घर पर लाठी, कुल्हाड़ी व फरसे लेकर हमला बोल दिया। सभी को गंभीर रुप से घायल कर दिया। सभी घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। मामला निवि गांव का मंगलवार का है। फरियादी पक्ष ने इस मामले की पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
फरियादी बंटी पुत्र फूल सिंह कुशवाह ने बताया कि वह ग्राम निवि के पंचम सिंह का पुरा में रहता है। मंगलवार की सुबह उसका परिवार अपने डेढ़ बीघे खेत में निराई कर रहा था। उसी समय उसके पड़ोस में रहने वाले महेन्द्र, बंटी व सुरेन्द्र गुर्जर ने अपनी भैंसे उसकी लौकी के खेत में जबरन घुसा दीं। भैंसे उसकी लौकी की फसल को रौंदने लगी। इस पर उसके पिता फूल सिंह ने आपत्ति जताते हुए भैंसों को रोकने के लिए कहा। इतना कहते ही भैंस चराने वाले लोग भड़क गए और उसके परिवार के वहां मौजूद सदस्यों को भद्दी-भद्दी गालियां देने लगे। जब उन्होंने गालियां देने से रोका तो भैंस मालिकों ने लाठी, कुल्हाड़ी व फरसे से उनके परिवार के ऊपर हमला बोल दिया।
यह लोग हुए घायल
बंटी ने बताया कि खेत की निराई के समय उसकी मां मथुरा, पिता फूल सिंह, भाई विष्णु, बीरवल व बहनें शीला व मंजू मौजूद थीं। झगड़े के दौरान आरोपियों ने उपरोक्त सभी के ऊपर हमला कर दिया तथा उन्हें घायल कर दिया।
इन पर मामला दर्ज किया
पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर महेन्द्र गुर्जर, बंटी गुर्जर, सुरेन्द्र गुर्जर, रामौतार गुर्जर, कल्ली व सियाराम गुर्जर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
