
गुना।तालाब में डूबने से युवक की मौत हो जाने के पश्चात उसके शव को तालाब से निकाला गया इसके बाद शव को उल्टा टांग कर झुलाया गया। इसका कारण यह था कि किसी ने बोल दिया कि शव को उल्टा टांगने से पानी निकल जाएगा और युवक की जान बच जाएगी हालांकि युवक की मौत इसके पहले ही हो चुकी थी। लेकिन गांव वाले एकत्रित होकर युवक को करीब आधे घंटे तक रस्सी से पेड़ पर टांग कर झूलाते रहे।
मामला गुना जिले के कुंभराज इलाके के जोगीपुरा गांव का है। यहां पर सोमवार को एक युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई थी। युवक के शव को पैर बांध पेड़ से टांग कर झुलाने के मामले में अब पुलिस ने 100 से 150 लोगों पर FIR दर्ज। इन पर कोरोना गाइड लाइन के उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है। FIR में कहा गया है कि घटना के वक्त 100-150 लोग मौजूद थे। सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन नहीं किया जा रहा था। उन पर आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत भी केस दर्ज किया गया है।
पूरा मामला
सोमवार को जोगीपुरा के तालाब में भंवरलाल बंजारा की डूबने से मौत हो गई थी। ग्रामीणों ने उसे पैर से बांधकर उल्टा पेड़ से लटका दिया था। इस उम्मीद में कि शरीर से पानी निकल जाए, तो शायद जान बच सकती है। ग्रामीण उसे 15 मिनट तक झुलाते रहे। घटना का वीडियो भी सामने आया था। उस दौरान वहां सानई चौकी की पुलिस भी मौजूद थे। मृगवास थाने में दर्ज हुई FIR के मुताबिक वीडियो का अवलोकन किया गया। मौके पर करीब 100 से150 लोग बिना मास्क या सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किए बिना इकट्ठे दिख रहे हैं। पता चला कि सोमवार को ग्राम जोगीपुरा गांव में स्थित तालाब (स्टाप डैम) में मृतक भंवरलाल पुत्र बिहारीलाल बंजारा की पानी में डूबने से मृत्यु हुई है।
वीडियो में भंवरलाल के जीवित होने की संभावना के कारण उसके शरीर से पानी निकालने के लिए कुछ लोग उसे रस्सी के सहारे पेड़ से उल्टा लटकाकर झुलाते दिख रहे हैं। आरोपियों के उक्त कृत्य से कोविड 19 (कोरोना) महामारी के प्रसार की संभावना पाई गई है।इसी आधार पर थाने में केस दर्ज किया गया है। इन पर आपदा प्रबंधन अधिनियम और महामारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
