
छतरपुर। एक दलित मजदूर परिवार से ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। परिवार ने 15 साल दिल्ली में मजदूरी करके 2 लाख 30 हजार रुपए जोड़े थे। किसी ठग ने ATM का क्लोन बनाकर 1 लाख 29 हजार रुपए निकाल लिए। अब मजदूर परिवार को अपनी बेटी की शादी की चिंता सता रही है।
जिले के गढ़ीमलहरा थाना के मध्यांचल ग्रामीण बैंक में मलका निवासी रानी अहिरवार का खाता है। खाते में करीब 2 लाख 30 हजार रुपए जमा किए थे। रानी अहिरवार का कहना है कि उसने करीब ढाई महीने पहले बैंक से ATM की सुविधा ली थी। इसके बाद उसने इसका 1-2 बार ही उपयोग किया होगा। 10 जुलाई 2021 से 13 जुलाई के बीच 10-10 हजार रुपए करके 1 लाख 29 हजार रुपए किसी ने ATM से निकाल लिए। रानी का कहना है कि ATM तो उसी के पास ही था, फिर कैसे पैसे निकले, यह समझ नहीं आ रहा है
ऐसे चला पता
14 जुलाई को जब रानी के पति राजू ने ATM से पैसे निकालने के बाद बैलेंस देखा तो उनके होश उड़ गए। राजू तुरंत मध्यांचल बैंक पहुंचा और पूरी बात अधिकारी को बताई। बैंक में ATM कार्ड को मैनेजर और स्टाफ ने लॉक किया और तोड़कर फेंक दिया। वहीं, उन्होंने इस संबंध में थाना गढ़ीमलहरा में भी शिकायत दर्ज कराई।
बैंककर्मियों की भूमिका पर भी सवाल
रानी का आरोप है कि 8 जुलाई को जब वह खाते से पैसे निकालने बैंक पहुंची तो उनसे कैश नहीं होने की बात कहकर टाल दिया। पीड़िता ने बैंककर्मियों से दूसरे बैंक के खाते में पैसे ट्रांसफर करने की बात कही तो उसे आनाकानी करते हुए बैंक से जाने का कहा। वहीं, पीड़ित परिवार का आरोप है कि 10 जुलाई से 13 जुलाई के बीच ही उसके बैंक खाते से पैसे निकाले गए।
थाने से लेकर SP तक ने नहीं सुनी

पीड़िता का आरोप है कि वह पिछले 1 महीने से परेशान है। न तो बैंक द्वारा कोई मदद की जा रही है, न ही थाना गढ़ीमलहरा ने अब तक कोई जानकारी दी है। इस मामले की शिकायत उन्होंने SP से भी की है, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी।
