
ग्वालियर। क्राइम पेट्रोल देखकर ग्वालियर में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। दूसरी जाति के लड़के से प्यार करने पर भाई, पिता, ताऊ ने मिलकर बेटी की हत्या कर दी।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक पिता ने बेटी के हाथ पकड़े, सगे भाई और ताऊ ने गले में साड़ी का फंदा डाला। इसके बाद उसे लटका दिया। घटना 2 अगस्त जनकपुरी की है। आरोपियों ने क्राइम इंवेस्टीगेशन सीरियल देखकर हत्या की साजिश रची थी। फंदे की गठान और ऊंचाई की वजह से मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस ने पिता और भाई को गिरफ्तार कर लिया है। ताऊ और उसके दो लड़कों की तलाश जारी है।
यह है पूरा मामला
ग्वालियर के जनकगंज स्थित जनकपुरी निवासी राखी राठौर (20) पुत्री राजेन्द्र राठौर का शव 1-2 अगस्त की दरमियानी रात घर में ही फंदे से लटका मिला था। परिजन का कहना था कि रात में खाना खाने के बाद राखी सोने चली गई थी। सुबह जब देखा तो आंगन में वेंटिलेशन के जाल पर साड़ी का फंदा कसकर फांसी लगा ली थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
जांच में पुलिस को मामला संदिग्ध लगा। जांच के लिए फोरेंसिक एक्सपर्ट अखिलेश भार्गव सहित अन्य अफसरों को बुलवाया गया। फोरेंसिक एक्सपर्ट को गले में बंधी साड़ी की गठान ने पहला सुराग दिया। गठान वैसी नहीं थी जैसी फांसी में होती है। गठान से समझ आ रहा था कि किसी और ने बांधी है। इसके साथ ही जिस जाल पर फंदा कसा गया था, वह भी काफी ऊंचा था, इसलिए प्रारंभिक पड़ताल में मामला संदिग्ध लगा। मंगलवार को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी हत्या की पुष्टि हुई। पुलिस ने राखी राठौर के भाई जितेन्द्र और पिता राजेन्द्र से पूछताछ की तो दोनों ने वारदात कुबूल कर ली।
लड़की दूसरी जाति वालों से प्यार करती थी
हत्या की असल वजह यह है कि राखी किसी दूसरी जाति के लड़के से प्यार करती है। पिता-भाई को यह मंजूर नहीं था। 5 जून को राखी कुछ गहने और कैश लेकर घर से भाग गई थी। इस दौरान उसकी जनकगंज थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने उसे 7 जुलाई को ढूंढ लिया था। छात्रा को परिवार से डर था, इसलिए उसे नारी निकेतन में रखा गया था। राखी सहित सभी की सहमति के बाद 31 जुलाई को उसे घर भेजा गया था।
टीवी सीरियल देख कर प्लानिंग से की हत्या
पुलिस ने वारदात में राखी के भाई जितेन्द्र, पिता राजेन्द्र, ताऊ राधेश्याम राठौर व ताऊ के दो लड़के मनोज और मोनू पर केस दर्ज कर लिया है। इनमें से भाई और पिता गिरफ्तार हो चुके हैं। दोनों ने हत्या कबूल कर ली है। राखी के घर लौटने के बाद सभी ने उसे अपने समाज के एक लड़के का रिश्ता बताकर शादी करने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं मानी। इस पर उसी समय उसकी हत्या की प्लानिंग कर ली थी।
हत्या की पूरी प्लानिंग क्राइम पेट्रोल शो देखकर रची गई। हत्या में पांच लोग शामिल हैं। ताऊ के दो बेटों मनोज और मोनू को बचाने के लिए मुरैना में मारपीट के मामले में पुलिस से गिरफ्तार कराने और जेल में रखने की प्लानिंग रची, लेकिन वहां योजना फेल हो गई। वहां वह इस तरह की मारपीट नहीं कर पाए कि जेल जा सकें। इसके बाद भाई, पिता और ताऊ ने यहां योजना के तहत घर की एक बहू और बच्चे को बर्थ डे में भेजा। राखी की मां को कुछ नहीं पता था। उसे छत पर सोने के लिए भेज दिया गया। आखिर में राखी के हाथ उसके पिता ने पकड़े और ताऊ और भाई ने गले में साड़ी बांधकर उसे लटका दिया।
