
प्रदेश में कोरोना के संक्रमित मरीज लगातार बढ़ रहे हैं उज्जैन की स्थिति ही देखे तो पिछले 4 दिनों के अंतराल में तीन मामले आ चुके हैं। लगातार बढ़ रहे नए मामलों ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।तीसरी लहर की आशंका के चलते मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। संक्रमण की जद में आने वाले जिलों की संख्या 8 दिन में 4 से बढ़कर 8 तक पहुंच गई है। इस बीच सागर पन्ना, छतरपुर, डिंडौरी, बालाघाट, खरगोन, सिवनी जैसे जिलों में भी नए संक्रमित मिले। जानकारों का कहना है, संक्रमितों का आंकड़ा भले ही कम हो, लेकिन लापरवाही से रफ्तार तेजी से बढ़ सकती है।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार संक्रमितों के मामले इंदौर और भोपाल में मिल रहे हैं। पिछले 8 दिनों में इंदौर में कुल 25 और भोपाल में 20 संक्रमित मिले हैं। 24 जुलाई को प्रदेश के 52 जिलों में सिर्फ चार प्रमुख शहर भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर में ही संक्रमित मिले। 28 जुलाई को 4 शहरों के अलावा रायसेन, सागर, बालाघाट में नए मरीज मिले।
29 जुलाई को ग्वालियर में केस नहीं मिला, लेकिन 3 प्रमुख शहरों के साथ उज्जैन, पन्ना, सागर, रायसेन में केस मिले। 30 जुलाई को 4 प्रमुख शहरों के अलावा छतरपुर और उज्जैन में संक्रमित मिले। 31 जुलाई को ग्वालियर में मामला सामने नहीं आया, लेकिन तीन प्रमुख शहरों के अलावा दमोह, सागर, टीकमगढ़, बड़वानी और रायसेन में केस सामने आए।
