
गुना । एक बुजुर्ग गरीब महिला को करीब ढाई लाख रुपए बिजली बिल थमाने का मामला मप्र के ऊर्जा मंत्री प्रदुम्न सिंह तोमर तक पहुंच गया। मंत्रीजी ने मामले में तुरंत संज्ञान लेते हुए बिजली कम्पनियों के अधिकारियों को बिल दुरस्त करने के निर्देश दिए। इसके बाद शनिवार को कम्पनी के अधिकारी रामबाई के घर पहुंचे । बता दें कि इस समय ऊर्जा मंत्री प्रदुम्न सिंह तोमर गुना जिले के प्रभारी मंत्री भी हैं। ऐसे में उनके प्रभार वाले जिले में एक झोपड़ी में रहने वाली वृद्धा रामबाई को ढाई लाख रुपए का बिल देने का मामला तूल पकड़ रहा था। इस दौरान अधिकारियों ने रामबाई की फोन पर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर से बात भी कराई।
फोन पर ऊर्जा मंत्री ने की बात
रामबाई के घर 2 लाख 48 हजार 818 रुपए का बिजली बिल पहुंचा था। जिसे देखकर रामबाई परेशानी हो गई। मदद की गुहार लगाते हुए वह सीधे बिजली कंपनी के दफ्तर पहुंची। करीब 7 दिन तक गरीब महिला ने ऑफिस के चक्कर भी काटे। बुजुर्ग महिला की परेशानी के बारे में जानकारी मिलते ही ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने गड़बड़ी सुधारने के निर्देश दिए। व्यवस्था दुरुस्त होने के बाद ऊर्जा मंत्री ने रामबाई से फोन पर बात भी की, उन्होंने रामबाई से बिल सही होने की पुष्टि की और हाल-चाल भी जाना।
तकनीकी खराबी के चलते मिला बिल
अधिकारियों ने बताया कि पवन कॉलोनी निवासी महिला रामबाई के घर बिजली से चलने वाले सीमित उपकरण हैं। कम खपत होने से उन्हें प्रतिमाह 100 रुपए का बिजली बिल ही भरना पड़ेगा। अधिकारी ने बताया कि तकनीकि खराबी की वजह से महिला के घर करीब ढाई लाख का बिजली बिल पहुंचा था। हालांकि विभाग की तरफ से सभी तकनीकी गड़बड़ी को सही कर लिया गया है।
