
कटनी : कटनी जिला अस्पताल कटनी में एक बार फिर इंसानियत शर्मसार हुई । जहरीली वस्तु का सेवन करने से गंभीर वृद्ध को जिला अस्पताल में गिड़गिड़ाने के बाद भी उपचार नहीं मिला। बेटी की रातभर मिन्नतों के बावजूद डॉक्टर नहीं मिले। जानकारी कें अनुसार ड्यूटी के दौरान चिकित्सालय में लापरवाह स्टाफ नर्स सोने चली गई और सुबह वृद्ध ने दम तोड़ दिया । इस मामले में सीएमएचओ ने जांच के निर्देश दिए हैं ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला कटनी जिला अस्पताल का है जहाँ डन कालोनी निवासी रूपलाल पटेल (50)ने मंगलवार रात जहर खा लिया था। जिसके बाद उनकी बेटी श्रद्धा पटेल पिता को लेकर मंगलवार रात 1 बजे जिला अस्पताल पहुंची, जहां रूपलाल को भर्ती तो कर लिया गया, लेकिन दवा करने के लिए कोई डॉक्टर नही था। बेटी रातभर गिड़गिड़ाती रही , लेकिन वहाँ उपस्थित स्टॉफ नर्स कुछ करने के बजाय लापरवाही दिखाई और रेस्ट रूम में आराम करने चली गई और रूम का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।
रूपलाल की बेटी श्रद्धा पटेल द्वारा सोशल मीडिया में भी अपने दोस्तों,परिचितों को जानकारी दी,साथ ही मुड़वारा विधायक सहित सीएमएचओ सिविल सर्जन को फोन भी लगाया पर न तो किसी का फोन उठा और न ही प्रौढ़ को रात में उपचार मिला। बुधवार सुबह नर्स उठी,लेकिन उसने इंजेक्शन देकर खानापूर्ति कर ली और सुबह 8 बजे रूपलाल की मौत हो गई।
बेटी श्रद्धा ने बताया , उसके पिता सर्वाइकिल की समस्या से ग्रसित थे,जिसकी वजह से परेशान होकर उन्होंने मंगलवार रात जहर खा लिया।पूरी रात वह अपने पिता के उपचार के लिए नर्स से मिन्नतें करती रही,लेकिन जिला अस्पताल के लापरवाही कारण पिता की मौत हो गई।अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए युवती ने जांच की मांग की है ।
वहीं पूरे मामले में कटनी सीएमएचओ डॉ.प्रदीप मुडिया ने कहा,भर्ती हुए रूपलाल की मौत की जानकारी मिली है।मामले की जांच के निर्देश दिए हैं,जो भी दोषी पाया जाएगा।उसके विरुद्ध कार्रवाई होगी।पुलिस ने शव परीक्षण कराने के बाद मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी।
