
इंदाैर : कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला ने बुधवार को मध्यप्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और इंदौर के प्रभारी तुलसी सिलावट, उनके पुत्र चिंटू सिलावट और परिवार जनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शुक्ला ने कहा है कि ये लोग महंगे और आवश्यक इंजेक्शन बेच रहे हैं और दूसरी तरफ मंत्री जी घर में चूड़ियां पहन कर बैठे हुए हैं।
शुक्ला ने आरोप लगाया कि अभी तक कोविड के इलाज के लिए एमवाय अस्पताल, नर्सिंग और डेंटल कॉलेज के साथ ही उनके स्वयं के 200 बेड वाले अस्पताल को चालू नहीं करवाया जा सका है। इसके अलावा इंदौर के 52 श्मशान घाट पर रोज हजार लाशें जलायी जा रही हैं तो दूसरी ओर सरकार और प्रशासन आंकड़े छुपा रहा है। इंदौर में कोरोना से हालात बद्तर है। इंदौर के 52 श्मशान घाटों पर हर दिन बड़ी संख्या में लाशें जल रही हैं। दूसरी तरफ सरकार और प्रशासन आंकड़े छुपाने के काम में लगा है।
इंदौर के कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला ने प्रदेश सरकार में मंत्री तुलसी सिलावट के बेटे और उनके पूरे परिवार पर रेमडेसिविर इंजेक्शन बेचने जैसा संगीन आरोप लगाया है। कोरोना महामारी की दूसरी लहर मे इंदौर के सक्रिय कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला ने मीडिया को सनसनीखेज बयान देते हुए सरकार व प्रशासन पर सवाल उठाये हैं।
विधायक शुक्ला ने सवाल उठाया कि जब इंदाैर में हर दिन रेमडेसिविर इंजेक्शन आ रहे हैं तो वह जा कहां रहे हैं। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इंदौर में 500 इंजेक्शन रोज आ रहे हैं, लेकिन बीजेपी विधायकों और मंत्रियों द्वारा इन्हें बेचा जा रहा है। शुक्ला ने दावा किया कि इंदाैर में इंजेक्शन बेचते हुए पकड़े गए लोगों ने बताया कि उन्हें यह विधायक के घर से मिला है।विधायक संजय शुक्ला ने कहा है कि हम 15 दिनों से प्रशासन से और मंत्री जी से लड़ रहे हैं। सीएम शिवराज को भी कह रहे हैं, लेकिन सीएम एक बार भी इंदौर नहीं आए। इंदौर की जनता उन्हें माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि कमलनाथ जी ने इंदाैर आकर हालात देखा, लोगों से बात की और यहां का हाल जाना।
भाजपा ने दी शुक्ला को कानूनी कार्यवाही करने की चेतावनी-
मंत्री तुलसी सिलावट और उनके परिवार पर संगीन आरोप लगाने वाले कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला को लेकर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता उमेश शर्मा ने कहा कि भाजपा के मंत्री के बेटे, भाजपा विधायक और भाजपा पर रेमडेसिविर इंजेक्शन की कालाबाजारी के जो आरोप लगाए गए हैं, ये राजनीति का बहुत ही घटिया, स्तरहीन और ओछा स्तर है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि हम कड़े शब्दों में इसकी निंदा करते हैं। इसके साथ ही उन्होंने संजय शुक्ला को चुनौती दी है कि अगर उनके पास कोई प्रमाण है तो वो प्रस्तुत करें। नहीं तो अपने घटिया बयान के लिए वो सार्वजनिक रूप से खेद प्रकट करें। बिना प्रमाण के वो अपने बयान पर अडिग रहते हैं तो भाजपा संजय शुक्ला के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी
मुझे उनके प्रमाणपत्र की आवश्यकता नहीं-मंत्री तुलसी सिलावट
दूसरी तरफ,मंत्री तुलसी सिलावट ने कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला के आरोप को लेकर कहा कि शुक्ला के आरोप बेबुनियाद, निराधार और असत्य हैं। उन्होंने कहा कि उनको महापौर बनने के सपने आ रहे हैं, लेकिन ये सपने कभी पूरे नहीं होंगे। उन्होंने साफ कहा कि मुझे उनके आरोप-प्रत्यारोप और प्रमाण की आवश्यकता नहीं है। मुझे मेरी जनता ने प्रमाण दे रखा है। इससे बड़े प्रमाण-पत्र की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि मैं सेवा करने के लिए आया हूं और मेरा संकल्प है कि मैं अपना काम पूरा करूं। मुझे इनके प्रमाण की जरूरत नहीं। मुझे मेरी माता बहनों और बुजुर्गों के प्रमाण-पत्र की आवश्यकता है।
