
खड़दहा विधानसभा सीट से टीएमसी उम्मीदवार काजल सिन्हा की पत्नी नंदिता सिन्हा ने डिप्टी इलेक्शन कमिश्नर सुदीप जैन और अन्य अधिकारियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। सिन्हा का आरोप है कि इन अधिकारियों ने महामारी के दौरान उम्मीदवारों या आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कुछ नहीं किया।काजल सिन्हा की 25 अप्रैल को मौत हो गई थी, वह कोरोना संक्रमित हो गए थे।नंदिता सिन्हा ने कहा है कि चुनाव आयोग के लापरवाही भरे रवैये के चलते ही काजल सिन्हा और अन्य प्रत्याशियों की मौत हुई है।
खड़दह सीट पर 22 अप्रैल को मतदान हुआ था।गौरतलब है कि राज्य में कोरोना वायरस से विभिन्न दलों के चार प्रत्याशियों की मौत हो चुकी है। इससे पहले मुर्शिदाबाद जिले के जंगीपुर सीट से रेवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (आरएसपी) के उम्मीदवार प्रदीप कुमार नंदी और शमशेरगंज सीट से कांग्रेस प्रत्याशी रेजाउल हक की इस संक्रामक रोग के कारण जान चली गई थी। इसके अलावा एक निर्दलीय प्रत्याशी की भी कोरोना से मौत हो गई है।
पश्चिम बंगाल में 8 चरणों में वोटिंग कराने को लेकर भी नंदिता ने चुनाव आयोग पर निशाना साधा है। उन्होंने पुलिस में दर्ज कराई गई अपनी शिकायत में कहा है कि जब पूरा देश कोरोना संक्रमण की मार झेल रहा था, तब चुनाव आयोग ने 8 राउंड में वोटिंग कराने का फैसला लिया। यह वोटिंग 1 महीने से भी ज्यादा लंबी खिंची है। राज्य में 27 मार्च को शुरू हुए चुनाव के आखिरी राउंड की वोटिंग 29 अप्रैल को होनी है। नंदिता सिन्हा ने चुनाव आयोग पर जानबूझकर लंबे समय तक वोटिंग कराने का आरोप लगाया है। अपनी शिकायत में नंदिता ने लिखा है, ‘बंगाल के मुकाबले तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में एक ही राउंड में वोटिंग हुई है। इसके अलावा असम में तीन चरणों में मतदान हुआ है।
पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस की दूसरी लहर आने के बाद दो निवर्तमान विधायकों समेत चुनाव मैदान में उतरे विभिन्न दलों के तीन प्रत्याशियों की मौत हो चुकी है। तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग के हाथ कोविड-19 मरीज़ों के खून से सने हैं, क्योंकि इसके ख़तरे को उन्होंने नज़रअंदाज़ किया।
सीएम ममता ने किया ट्वीट
बनर्जी ने ट्वीट किया, बहुत दुखद। स्तब्ध. खड़दहा से हमारी पार्टी के उम्मीदवार काजल सिन्हा का कोविड के कारण निधन हो गया। उन्होंने लोगों की सेवा के लिए अपना जीवन समर्पित किया था. वह तृणमूल कांग्रेस के लंबे समय से प्रतिबद्ध सदस्य थे। हमें उनकी याद आएगी. उनके परिवार और उनके प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं. उत्तर 24 परगना जिले की खड़दहा सीट पर 22 अप्रैल को मतदान हुआ था।
.
