
भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी ने एक बार फिर अपनी ही सरकार पर सवाल खड़े कर दिए हैं,मीडिया से बात करते हुए उन्होंने अपने ही सरकार के अधिकारी द्वारा विंध्य की जनता के साथ दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए कहा कि शिवराज सरकार के अधिकारी विन्ध्य की जनता के साथ दुर्व्यवहार कर रही है.
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा बीते 15 अप्रैल को स्टेट प्लेन से रेमडेसिविर इंजेक्शन रीवा भेजे गए थे, लेकिन इंजेक्शन रीवा मेडिकल कॉलेज से सतना और मैहर के लिए नहीं भेजे गए. दरअसल, रेमडेसिविर इंजेक्शन के लिए मचे लंबे हाहाकार के बाद बीते 15 अप्रैल को केंद्र सरकार के द्वारा मध्य प्रदेश के 4 जिलों में इंजेक्शन की खेप भेजी गई थी. जिसे स्टेट प्लेन के द्वारा रीवा भी भेजा गया था. जहां से रीवा और शहडोल संभाग के 7 जिलों में सप्लाई कि जानी थी, मगर रीवा जिला प्रशासन के द्वारा सतना जिले के लिए रेमडेसिविर इंजेक्शन की खेप नहीं भेजी गई. इसके चलते विधायक खासे नाराज हैं. भाजपा विधायक ने रेमडेसिविर इंजेक्शन के नाम पर सरकार के ऊपर जमकर आरोप लगाए हैं. विधायक ने कहा है कि प्रदेशभर में रेमडेसिविर इंजेक्शन के लिए हाहाकार मचा हुआ है, लेकिन सरकार कुंभकर्ण निद्रा में लीन है. लोगों की चिंता किए बगैर प्रशासनिक अधिकारी अपनी अलग ही चाल में मस्त है.
इसके साथ ही विधायक नारायण त्रिपाठी ने कहा कि आक्सीजन की कमी से लोगों की मौत हो रही है, सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है. उन्होंने ऑक्सीजन की कमी बहाने मुकेश अंबानी को भी घेर लिया.मीडिया से बात करते हुए विधायक नारायण त्रिपाठी ने उद्योगपतियों पर भी जमकर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि शहडोल जिले में ही मीथेन गैस के भंडारण केंद्र है जिससे मुकेश अम्बानी व्यपार भी कर रहे हैं. इस क्षेत्र में यदि एक भी आदमी आक्सीजन की कमी के कारण मृत होता है तो मुकेश अम्बानी के महान बनने पर धिक्कार है. भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी ने उद्योगपतियों को चेतावनी देते हुए कहा कि उद्योगपति सावधान हो जाएं विंध्य की उपेक्षा विन्ध्य की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी साथ ही साथ भाजपा विधायक मुकेश अम्बानी को चेतावनी देते हुए कहा कि मुकेश अंबानी यदि रीवा और शहडोल संभाग के लोगों की मदद नहीं करते हैं तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे और उनके गैस पाइप लाइन को हम तोड़ने का काम करेंगे.
