देश में बढ़ते कोरोना के मामलों को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने 12 राज्यों के यात्रियों के लिए कोरोना नेगेटिव रिपोर्ट लाना जरूरी कर दिया है. बिना रिपोर्ट इन लोगों की राज्य में एंट्री नहीं हो पाएगी. सरकार के निर्देशानुसार महाराष्ट्र ,केरल, पंजाब ,कर्नाटक, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, तमिल नाडु, गुजरात, हरियाणा ,उत्तर प्रदेश, दिल्ली और राजस्थान से उत्तराखंड में आने वाले सभी लोगों के लिए आरटी-पीसीआर(RT-PCR) नेगेटिव रिपोर्ट लाना जरूरी रहेगा यह रिपोर्ट 72 घंटे से अधिक का नहीं होना चाहिए. 1 अप्रैल से एसओपी (SOP) लागू कर दी जाएगी।

अकेले रविवार की बात करें तो देहरादून हरिद्वार में कोविड-19 का आंकड़ा बढ़ा है. रविवार को उत्तराखंड में 366 पॉजिटिव केस आये हैं. जिसमें देहरादून, टिहरी, हरिद्वार जिलों में सबसे ज्यादा केस देखने को मिले. देहरादून में 167, हरिद्वार में 59, जबकि टिहरी में 54 पॉजिटिव केस आये हैं.
ताज होटल में बरपा कोरोना कहर-
टिहरी के ताज होटल में कोरोना कहर बरपा रहा है. 15 मार्च से शुरू की गई सैंपलिंग में 209 लोगों के लिए गए सैंपल में से अभी तक 83 लोग कोरोना पॉजीटिव मिले हैं. अन्य लोगों की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. कोरोना संक्रमितों में ताज के कर्मचारी और अधिकारी शामिल हैं जिन्हें ऋषिलोक कोविड केयर सेंटर में शिफ्ट किया गया है. कन्टेनमेंट जोन बनाने के लिए सीएमओ ने प्रशासन को पत्र भेज दिया है. ऋषिकेश डीएम के मुताबिक पॉजिटिव मिले लोग कोविड केयर सेंटर और होम आइसोलेशन में हैं
