17 अप्रैल 2021 को दमोह उपचुनाव के लिए वोटिंग होना है, लेकिन इसके पहले सोशल मीडिया पर कांग्रेस प्रत्याशी अजय टंडन के एक वायरल वीडियो ने सियासी गलियारों में खलबली मचा दी है। इस वायरल वीडियो में कांग्रेस प्रत्याशी लोगों को नोट बांटते नजर आ रहे है। यह वीडियो दमोह शहर के समीप कोटा तला क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां अजय टंडन चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे थे और लोगों से मुलाकात के बाद अपनी बात रखते हुए वीडियो में एक एक को नोट बांटते हुए दिख रहे हैं।

बीजेपी ने मुद्दे को लपकते हुए चुनाव आयोग से मामले को संज्ञान में लेने की मांग की है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए ट्वीट कर लिखा है कि दमोह विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी चुनाव प्रचार करते हुए खुलेआम नोट बांट रहे हैं, चुनाव आयोग को तत्काल इस मामले में कार्रवाई करनी चाहिए। उनकी मांग है कि चुनाव आयोग इस पर कार्रवाई करते हुए तत्काल कांग्रेसी प्रत्याशी की उम्मीदवारी समाप्त कर उनके खिलाफ कार्रवाई करें।

बीजेपी ने ट्वीट करके कहा जनता भगवान है बिकाऊ नही-
भाजपा ने अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट से ट्वीट करते हुए कहा कि जब झूठे वादों पर बात नहीं चल पाती हो तो कांग्रेश अपने न्यूनतम स्तर पर उतर ही आती है। भाजपा ने अपने ट्वीट में कहा कि दमोह से कांग्रेस प्रत्याशी अजय टंडन नोट के जरिए जनता को खरीदने की नाकाम कोशिश कर रहे हैं लेकिन दमोह की जनता समझदार है “जनता भगवान है बिकाऊ नहीं”।
वायरल हो रही इस वीडियो के संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर तरुण राठी से बात हुई उनका कहना है कि उनके पास तक अभी ऐसी कोई शिकायत या सूचना नहीं पहुंची है। वह इस मामले की जानकारी पता करवाते हैं, यदि ऐसी कोई शिकायत उनके पास तक पहुंचती है तो वह कार्रवाई करेंगे।

कांग्रेस प्रत्याशी अजय टंडन द्वारा नोट बांटने के मामले में वायरल वीडियो पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रत्याशी राहुल सिंह ने कहा है कि वह पहले से कहते आ रहे हैं कि कांग्रेस की करनी और कथनी में अंतर है। राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी कुछ कहते हैं और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ कुछ कहते हैं। इन्होंने जो पहले पैसा एकत्रित किया है अभी उसे बांटना शुरू कर रहे हैं। दमोह चुनाव प्रचार के दौरान हाल ही में कमलनाथ जब दमोह पहुंचे थे उस समय भी लोगों को पैसा देकर भीड़ जुटाई गई थी और अब एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें खुले तौर कांग्रेस प्रत्याशी अजय टंडन लोगों को पैसा बांटते हुए देख रहे हैं। वह इसकी शिकायत चुनाव आयोग में करेंगे, ताकि संबंधित पर कार्रवाई हो सके।
