
भोपाल/उज्जैन। मध्य प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर पांच वेदर सिस्टम बने हैं। इनमें से तीन सिस्टम मध्यप्रदेश में सक्रिय हैं। इस वजह से प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश हो रही है।
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक शुक्रवार-शनिवार को भी राजधानी भोपाल सहित कई जिलों में तेज बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले चौबीस घंटो में प्रदेश के नौ जिलों में भारी से अति भारी वर्षा की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी पीके साहा ने बताया कि अलग-अलग स्थानों पर सक्रिय वेदर सिस्टम के कारण बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से बड़े पैमाने पर नमी आ रही है। इस वजह से प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश हो रही है।
इन जिलों में होगी भारी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक राजगढ, विदिशा, रायसेन, भिण्ड, बैतूल, खंडवा, बडवानी, उज्जैन, देवास, खरगौन व गुना जिलों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं सिंगरौली, सीधी, अनूपपुर, डिंडोरी, बालाघाट, सागर, छतरपुर जिलों में भी गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं। इसके साथ-साथ भोपाल, सागर, रीवा, ग्वालियर एवं चंबल संभागों के जिलों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
उज्जैन जिले में यह है स्थिति
कलेक्टर कार्यालय उज्जैन भूअभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले चौबीस घंटे के दौरान 20 अगस्त की प्रात: तक जिले की नागदा तहसील में सर्वाधिक वर्षा 128 मिमी हुई है। इस दौरान जिले की घट्टिया तहसील में 5, खाचरौद में 67, बड़नगर में 14, महिदपुर में 37, झारड़ा में 13 एवं तराना तहसील में एक मिमी वर्षा हुई है। इस तरह अभी तक जिले में औसत 709 मिमी वर्षा हो चुकी है।
