इंग्लैंड ने मंगलवार को टीम इंडिया को तीसरे टी-20 में 8 विकेट से हरा दिया। इसी के साथ इंग्लिश टीम ने 5 टी-20 की सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है। भारतीय कप्तान विराट कोहली ने नाबाद 77 रन बनाए, लेकिन उन पर जोस बटलर की फिफ्टी भारी रही। ओपनर बटलर ने 52 बॉल पर 83 रन की नाबाद पारी खेली और टीम को जिताया। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
कोहली ने बटलर को जीवनदान दिया
15वें ओवर की आखिरी बॉल पर बटलर को विराट कोहली ने जीवनदान दिया। चहल की बॉल पर कोहली ने आसान कैच छोड़ दिया। इस समय बटलर 76 रन बनाकर खेल रहे थे।
2016 वर्ल्ड कप के बाद पहली बार कोहली की लगातार दूसरी फिफ्टी

भारतीय कप्तान विराट कोहली ने 46 बॉल पर सबसे ज्यादा 77 रन की नाबाद पारी खेली। टी-20 में कोहली की यह 27वीं फिफ्टी है। उन्होंने 2016 टी-20 वर्ल्ड कप के बाद अब लगातार दो फिफ्टी लगाई हैं। पिछले मैच में उन्होंने 73 रन बनाए थे।
हार्दिक पंड्या ने 15 बॉल पर 17 और ऋषभ पंत ने 20 बॉल पर 25 रन बनाए। इनके अलावा कोई बल्लेबाज 20+ रन का आंकड़ा नहीं छू सका। इंग्लैंड के लिए मार्क वुड ने सबसे ज्यादा 3 और क्रिस जॉर्डन ने 2 विकेट लिए।
रोहित जीवनदान का फायदा नहीं उठा सके
लाल मिट्टी के टर्निंग ट्रैक पर इंग्लैंड के कप्तान ने पहला ओवर स्पिनर आदिल राशिद को दिया। इसमें 5 रन बने। दूसरा ओवर तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर लेकर आए। उन्होंने पहली बॉल 135 की रफ्तार से की, जिस पर रोहित ने सीधा शॉट खेलते हुए हाथ में कैच दिया, लेकिन इस मौके को आर्चर ने गंवा दिया और रोहित को जीवनदान मिल गया। इस समय रोहित 4 रन बनाकर खेल रहे थे। हालांकि रोहित इसका फायदा नहीं उठा सके और 15 रन बनाकर आउट हो गए।

