
रीवा जिले के नेशनल हाईवे 30 में नकली बम रखकर देश-प्रदेश में दहशत फैलाने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस सूत्रों की मानें तो पकड़ में आया बदमाश नौकरी जाने से आहत होकर इंजीनियर दोस्तों की मदद से एक के बाद एक वारदात कर दो राज्यों की पुलिस को परेशान कर रहा था। लेकिन सोहागी पहाड़ के ब्रिज में नकली बम रखकर तीनों आरोपी एमपी पुलिस की रडार में आ गए। आरोपियों को खोजने के लिए सोहागी पुलिस ने सबसे पहले बंसल टोल प्लाजा का फुटेज देखा। गिरफ्तार आरोपियों में प्रकाश सिंह सोमवंशी पुत्र ब्रह्मा सिंह सोमवंशी (35) निवासी ग्राम भसुंदर खुर्द थाना मेजा जिला प्रयागराज यूपी, रामतीरथ हरिजन पुत्र रामहौंसला हरिजन (36) निवासी ग्राम भसुंदर खुर्द थाना मेजा जिला प्रयागराज यूपी, दिवेश दुबे उर्फ दीपक पुत्र ओंमकारनाथ दुबे (26) निवासी गंगानगर कालोनी थाना गंगानगर जिला मेरठ यूपी का रहने वाला है।
जहां एक संदिग्ध कार दिखी। उसी कार पर सोहागी पुलिस ने वर्क शुरू किया। अंतत: 13 दिन में सोहागी पुलिस ने 13 वारदातों के आरोपियों तक पहुंच गई। दावा है नकली बम के आरोपियों को खोजने के लिए एसएसपी नवतीन भसीन ने आधा सैकड़ा लोगों को लगाया था। जिन्होंने एमपी-यूपी बॉर्डर सहित प्रयागराज में करीब 250 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे तो सभी जगह एक ही कार और तीन लोग दिखे थे।
मामला
21 जनवरी को सोहागी थाना अंतर्गत पहाड़ की पुलिया के नीचे अज्ञात आरोपी ने टाईम बम रख दिया। बम की सूचना पर बीडीडीएस टीम सोहागी पहाड़ पहुंची। मौके पर पहुंचकर तुरंत बम डिफ्यूज किया गया। इस मामले में सोहागी थाने में अपराध क्रमांक 25/2022 धारा 505 (2) .507 पंजीबद्ध कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की। बम का खोखा मिलने के दूसरे दिन एसपी घटनास्थल पर पहुंचे। जिन्होने सायबर सेल को संयुक्त टीम के साथ घटना स्थल के समीपस्थ सीसीटीव्ही फुटेज व बंसल टोल प्लाजा के सीसीटीव्ही फुटेज में एक संदिग्ध कार को रात 10 बजे गुजरते देखा गया।
250 से ज्यादा जगहों पर देखा फुटेज
पुलिस की मानें तो संदिग्ध कार पहले सोनौरी की तरफ। फिर सोनौरी चौराहे से ककरहा तरफ मुड़ कर मानपुर प्रयागराज की ओर जाती दिखी। प्रयागराज के मेजा स्थित उक्त कार रात 10.30 बजे गुजरते हुए देखा गया। जिसका पीछा करते हुए फोटो के आधार पर संदिग्ध कार क्रमांक DL 7CJ 1494 को जब्त कर तीनों सदेहियों को दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में तीनों सन्देहियों ने जुर्म को स्वीकार किया है।
सोहागी थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अभिषेक पटेल ने बताया कि तीनों आरोपियों के कब्जे से इलेक्ट्रानिक सर्किट, मदर बोर्ड, पेंट, टेप, एल्युमीनियम, तार, इलेक्ट्रानिक घड़ी, पेन, लोहे की आरी, प्लास्टिक के पाइप, मोबाइल, घटना में प्रयुक्ट सेंट्रो कार क्रमांक DL7CJ1494 जब्त की गई है। गिरफ्त में आये आरोपियों को 4 फरवरी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। जहां से 14 दिन के रिमांड पर लेने की तैयारी है।
