
ओमिक्रॉन वैरिएंट के बढ़ते खतरे के बीच कोरोना के नए केस बढ़ते जा रहे हैं. पिछले 24 घंटे में राजधानी दिल्ली में 249 नए मरीज मिले हैं. जबकि एक दिन पहले 180 नए मामले सामने आए थे. पिछले 24 घंटे में कोरोना के एक मरीज की मौत हुई है. जबकि इस दौरान 96 मरीज कोरोनावायरस से उबरे हैं. दिल्ली में एक्टिव केस की संख्या 934 हो गई है. राजधानी में अब तक कुल मरीजों की तादाद 14,43,062 हो गई है. जबकि कुल मृतकों की संख्या 25,104 है. पिछले 24 घंटे के दौरान दिल्ली में 57,295 टेस्ट हुए हैं. कुल पॉजिटिविटी रेट 0.43 फीसदी रहा है.
महाराष्ट्र और मुंबई में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं. मुंबई में शनिवार को 757 नए कोरोना केस मिले हैं, जो पिछले दिन के मुकाबले दस फीसदी ज्यादा हैं. ओमिक्रॉन वैरिएंट के बढ़ते मामलों के बीच मुंबई समेत महाराष्ट्र में ये मरीज बढ़े हैं. हालांकि सरकार ने क्रिसमस और नए साल पर भीड़भाड़ को देखते हुए कई तरह की पाबंदियां लागू कर दी हैं. मुंबई में पिछले 24 घंटे में कोरोना के नए मामले 24 जून के बाद सबसे ज्यादा हैं. 24 जून को मुंबई में 789 कोरोना के नए मरीज मिले थे. यह 182 दिनों के बाद सबसे ज्यादा मामलों का रिकॉर्ड है. हालांकि पिछले 24 घंटे में किसी भी मरीज की मौत नहीं हुई है. मुंबई में 42427 कोविड टेस्ट हुए थे. जबकि 3703 एक्टिव केस अभी मुंबई में हैं.
दिल्ली में 13 जून के बाद से सबसे ज्यादा कोरोना केस सामने आए हैं. जबकि 9 जून के बाद से सबसे ज्यादा पॉजिटिविटी रेट रहा है. इससे पहले 13 जून को आए 255 केस थे और 9 जून को पॉजिटिविटी रेट 0.46 फीसदी थी. राजधानी में सक्रिय कोरोना मरीजों की संख्या 934 हो गई है. बीते साढ़े 5 महीने में सबसे ज्यादा सक्रिय मरीज दिल्ली में हो गए हैं. यहां 4 जुलाई के बाद सबसे ज्यादा सक्रिय मरीज हैं. चार जुलाई को सक्रिय मरीजों का आंकड़ा 992 था. 24 घण्टे में कोरोना से एक मौत के साथ कोरोना से मौत का कुल आंकड़ा 25,104 हो गया है.
