
ग्वालियर। बुजुर्ग रिटायर्ड शिक्षक को मोबाइल पर KYC अपडेट करने को लेकर कॉल आया। आरोपी ने धमकी दी की तत्काल अपडेट नहीं कराने पर खाता बंद कर दिया जाएगा। इससे घबराकर बुजुर्ग ने समाधान पूछा। आरोपी ने फोन कॉल पर कहा कि एक OTP भेज रहे हैं उसे बता देना यहीं से KYC अपडेट कर देते हैं। बुजुर्ग ने OTP बता दिया। इसके बाद उनके सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया के अकाउंट से एक लाख रुपए निकल गए। जब मैसेज बच्चों ने देखे तो घटना का पता लगा। घटना तीन दिन पहले की है। बैंक से पूरी डिटेल निकालने के बाद मंगलवार को बुजुर्ग ने एसपी ऑफिस की साइबर सेल में शिकायत की है।
डबरा के जवाहरगंज निवासी 78 वर्षीय रामस्वरूप शर्मा पुत्र दीनदयाल शर्मा का खाता सेंट्रल बैंक ऑफ इण्डिया में है। करीब तीन दिन पहले उनके मोबाइल पर कॉल आया। कॉल करने वाले ने KYC अपडेट न होने की बात कही। इस पर रामस्वरूप ने बोला कि वह बाद में करा लेंगे। अभी बच्चे घर पर नहीं हैं उनके आते ही वह बैंक जाकर KYC अपडेट करा लेंगे।
कॉल करने वाले ने खुद को मैनेजर बताते हुए कहा कि आज आखिरी दिन है। आज ही कराना होगा नहीं तो खाता बंद हो जाएगा। उसमें जो भी कैश होगा वह भी वापस नहीं मिलेगा। इस पर वह घबराए बुजुर्ग शिक्षक ने समाधान पूछा। इस पर कॉल करने वाले ने कहा कि वह यहीं से ऑनलाइन KYC अपडेट कर रहे हैं। उनके एटीएम कार्ड और बैंक की डिटेल पूछी और OTP भेज दिया। वृद्ध ने OTP बता दिया। इसके बाद ठगों ने 13 बार में उनके खाते से 1 लाख रुपए निकाल लिए हैं। रुपए निकाले जाने का पता चलते ही पीड़ित पहले बैंक पहुंचा फिर पूरी डिटेल निकालने के बाद साइबर सेल में मामले की शिकायत की है।
दूसरा मामला.. ATM कार्ड बदलकर 24 हजार रुपए निकाले
वही दूसरी ओर डबरा के एक अन्य मामले में ATM कार्ड बदलकर 24 हजार रुपए निकाल लिए हैं। समूदन निवासी मनदीप कौर पत्नी नरेन्द्र सिंह सिक्ख दो दिन पहले रेस्ट हाउस के पास स्थित ATM पर कैश निकालने के लिए आई थी। उसके बूथ में पहुंचते ही दो युवक भी बूथ में आ गए। कुछ तकनीकी खामी के कारण पैसे नहीं निकले तो दोनों युवक उसकी मदद के लिए आगे बढ़े और उनका ATM कार्ड अपने हाथ में लेकर बदल दिया। पैसे नहीं निकले तो महिला वापस चली गई। कुछ देर बाद उसके मोबाइल पर पैसे निकलने के मैसेज आए। जब तक वह अकाउंट ब्लॉक करातीं ठगों ने उसके खाते से 24 हजार 300 रुपए निकाल लिए। वारदात की शिकार महिला डबरा थाने पहुंची और मामले की शिकायत की। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
