
कटिहार में कोढ़ा थानाक्षेत्र के मुसापुर के समीप NH – 31 पर मुहर्रम का जुलूस निकल रहा था. इसी दौरान उसी रूट से एक एंबुलेंस निकल रही थी. एंबुलेंस के ही पीछे-पीछे एक स्कॉर्पियो गाड़ी चल रही थी, जिसमें महिला समेत कुछ लोग बैठे थे. ये लोग पूर्णिया से परिजन का इलाज कराकर लौट रहे थे. आरोप है कि जुलूस की भीड़ ने एंबुलेंस को तो निकल जाने दिया लेकिन पीछे चल रही स्कॉर्पियो पर पर हमला कर दिया. लाठी-डंडा लेकर घेर लिया. स्कॉर्पियो पर डंडे मारे. कई लोगों को चोट भी आई.
गाड़ी से आ रहे मसूद आलम ने आरोप लगाते हुए कहा कि मैं पूर्णिया से अपनी मम्मी का इलाज कराके आ रहा था. रास्ते में मुहर्रम का जुलूस निकाल रहे लोगों ने मारपीट की, गाड़ी तोड़ दी. मेरा मोबाइल निकालते टाइम मोबाइल भी छीन लिया. इन लोगों ने मुझसे सात हजार रुपये छीन लिए. 3-4 लोगों को चोट आई है.”गाड़ी में ही सवार शाहबाज आलम ने बताया कि भीड़ में शामिल लोग आरोप लगा रहे थे कि किसी के पैर में गाड़ी से लग गई थी, इसलिए वे लोग गुस्सा गए और गाड़ी पर हमला कर दिया. गाड़ी के अंदर पांच लोग सवार थे. घायलों को स्थानीय अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया है.
पुलिस ने क्या एक्शन लिया?
गाड़ी में सवार लोगों का कहना है कि वहां मौजूद पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने ही कहा था कि एंबुलेंस के पीछे-पीछे चलकर निकल जाओ. बिपुल राहुल की रिपोर्ट के मुताबिक घटना की पुष्टि कटिहार के SP विकास कुमार ने की है. पुलिस का ये भी कहना है कि मुहर्रम के मौके पर जुलूस निकालने की मनाही थी, फिर भी लोगों ने जुलूस निकाला और ये उपद्रव किया. SDPO अमरकांत झा ने कहा कोढ़ा थाना के अंतर्गत ग्राम में कल मुहर्रम का जुलूस निकला, जबकि सरकार की तरफ से आदेश था कि जुलूस की अनुमति नहीं है. लेकिन गांव के लोगों ने आदेश का उल्लंघन कर जुलूस निकाला. इसी बीच स्कॉर्पियो गाड़ी जो पूर्णिया से आ रही थी, उसे रोक लिए. तोड़फोड़ की. गाड़ी में 5 लोग थे, जिनके मारपीट की. जुलूस वालों ने ही गांव के एक आदमी से भी मारपीट की.
29 नामजद को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. वीडियो के आधार पर पुलिस बाकी लोगों की तलाश कर रही है. 63 नामजद समेत 300 अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
