
सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले में मानवता को शर्मसार घटना हुई थी। जहां पर नागौद कस्बे में दबंगों ने गुंडागर्दी व क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए पैसे के लेन-देन के विवाद के चलते पहले फरियादी का अपहरण किया और फिर उसके साथ जमकर मारपीट की। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान तमाशबीन लोग वीडियो बनाने में जुटे रहे, किसी ने पीड़ित को मारपीट से बचाने की कोशिश नहीं की। इतना ही नहीं मारपीट के साथ ही युवक को थूक चाटने के लिए भी मजबूर किया था। मामला सामने आते ही आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया जिनका जुलूस निकाला गया इन पर रासुका लगाने की तैयारी भी हो रही है।
सरेआम हुई पिटाई की वीडियो जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तब कहीं जाकर पुलिस हरकत में आई और मामला तूल ना पकड़े इसके लिए रातों-रात सतना से लेकर सीधी तक पुलिस सक्रीय हो गई और रात को ही आरोपियों को चार पहिया वाहन सहित गिरफ्तार कर लिया गया जिसके बाद सीधी में पुलिस ने निर्वस्त्र कर आरोपितों की खुमारी उतारी और सतना के नागौद थाना क्षेत्र लाए जाने के बाद आरोपितों का सतना पुलिस ने भी जुलूस निकालकर गुंडागर्दी उतार दी ।
बुधवार को सबसे पहले पुलिस आरोपित शशांक सिंह और उसके साथी को लेकर सोनोरा पहुंची जहां आरोपित शशांक के घर की तलाशी ली गई और उसके क्षेत्र में आरोपितों को घुमाया गया ताकि उनका भय लोगों में समाप्त किया जाए। इस दौरान एसडीओपी नागौद रविशंकर पांडे, थाना प्रभारी कोलगवां देवेंद्र प्रताप सिंह चौहान, थाना प्रभारी नागौद राजेन्द्र मिश्रा व अन्य पुलिस बल मौजूद रहा। वहीं इस कृत्य का वीडियो वायरल होने पर लोग इसे तालिबानी कृत्य बताकर घोर निंदा कर रहे हैं।
एक नजर में पूरी घटना
नागौद थानांतर्गत उर्दना गांव निवासी संतोष पांडेय के साथ पैसे के लेन-देन को लेकर शशांक सिंह और सुजीत सिंह सहित चार लोगों ने पहले उसका अपहरण किया इसके बाद कस्बे से दूर ले जाकर डंडों से पिटाई की। इतना ही नहीं युवक रहम की भीख मांगता रहा और पैसा देने की बात करता रहा। लेकिन आरोपितों ने डंडे से मारा और फिल्मी स्टाइल में थूक कर चाटने और पैर छूने को मजबूर किया।
शिकायत करने पर गोली मारने तक कि धमकी भी दी दबंगों ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। शशांक सिंह 2018 में सपाक्स पार्टी से विधानसभा का चुनाव भी लड़ चुका है। दरअसल नागौद कस्बे में रैकवार निवासी संतोष पांडेय पत्नी का उपचार करवाने के लिए बीते 15 अगस्त को बस स्टैंड के पास आया था। पत्नी को अस्पताल छोड़कर वह दुकान का सामान लेकर गांव के लिए रवाना हुआ। इसी बीच रास्ते में शशांक सिंह ने संतोष को रोका और अगवा कर लिया। नागौद कस्बे से एक किलोमीटर दूर बल्लाधार पुल के पास ले जाकर शशांक सिंह और सुजीत सिंह ने संतोष के साथ मारपीट की और अमानवीय व्यवहार भी किया।
आरोपियों पर लगाई जाएगी रासुका
पुलिस कप्तान धर्मवीर सिंह यादव ने इस मामले में तुरंत संज्ञान लेते हुए इस संवेेदनशील घटना पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपित शशांक बघेल एवं तीन साथियों के खिलाफ थाना नागोद ,में धारा 365, 386, 341, 294, 323, 500, 506, 34 आईपीसी का प्रकरण पंजीबद्ध किया है।
आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए प्रत्येक पर 10-10 हजार रुपये का नकद इनाम घोषित किया था। लेकिन बीती देर रात पुलिस कप्तान धर्मवीर सिंह ने इंटरनेट मीडिया प्लेेटफार्म पर जानकारी दी कि आरोपितों को सीधी पुलिस ने चार पहिया वाहन समेत धर दबोचा है। सतना लाए जाने के बाद अब आरोपित शशांक बघेल के खिलाफ रासुका लगाए जाने की तैयारी पुलिस कर रही है। क्योंकि आरोपित का पूर्व में भी आपराधिक रिकार्ड है और जो वारदात इस बार उसने की है वह क्रूरता की सारी हदें पार करता है। पुलिस रासुका का प्रकरण तैयार कर रही है।
