
मध्य प्रदेश बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (एमपीबीएसई) ने हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूल के लिए विशेष बोर्ड परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की तारीखें बढ़ा दी हैं। एमपी बोर्ड के परिणाम से असंतुष्ट या अनुपस्थित विद्यार्थी 1 सितंबर से 25 सितंबर तक होने वाली इन विशेष बोर्ड परीक्षाओं के लिए आवेदन कर सकते हैं।
विद्यार्थी अब इस तारीख तक कर सकते हैं आवेदन
बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी अधिसूचना के मुताबिक ऑनलाइन पंजीकरण विंडो 15 अगस्त को बंद कर दी जाएगी। बता दें कि इससे पहले ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 10 अगस्त निर्धारित की गई थी। छात्र आधिकारिक वेबसाइट mpbse.nic.in पर जाकर एमपी ऑनलाइन पोर्टल खोलकर परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं। गौरतलब है कि राज्य में चंबल और ग्वालियर संभागों में भारी बारिश के बाद पंजीकरण की तारीखों को बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
आवेदन पास लेने के लिए यह है निर्धारित तिथियां
एमपी के छात्र जिन्होंने पहले पंजीकरण कराया था और अब इसे रद्द करना चाहते हैं, वे एमपी ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर 11 अगस्त से 15 अगस्त के बीच में अपने आवेदन वापस ले सकते हैं। बता दें कि एमपी बोर्ड ने कोविड -19 के कारण राज्य सरकार द्वारा सभी ऑफ़लाइन परीक्षाएं रद्द कर दी गई थीं और मूल्यांकन नीति के आधार पर कक्षा 10वीं और कक्षा 12वीं के परिणाम घोषित किए थे।
12वीं के 4500 से अधिक छात्रों की होगी परीक्षा
कक्षा 10वीं और 12वीं दोनों के लिए कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 100 फीसदी था। 3,549 अभ्यर्थियों के कक्षा 12वीं के परिणाम रोक दिए गए थे और 985 छात्रों के लिए रद्द कर दिया गया था। वहीं कक्षा 10वीं के परिणाम में कुल पंजीकृत छात्रों में से 8865 छात्र अनुपस्थित पाए गए।
