
उज्जैन। गांधी नगर विक्रम नगर क्षेत्र में रहने वाले युवक की बीती रात पड़ोस में रहने वाले 5 लोगों ने मिलकर उसी की पत्नी के सामने चाकू घोंपकर हत्या कर दी। पति को बचाने के चक्कर में घायल हुई पत्नी का अस्पताल में उपचार चल रहा है जहां देर रात 8-10 लोग पहुंचे और कहा कि तेरा पति तो मर गया तू अपनी सोच।
राहुल पिता मदनलाल बाघेला 30 वर्ष निवासी गांधी नगर विक्रम नगर बेलदारी कर रात में घर लौटा। खाना खाने के बाद सोने की तैयारी कर रहा था उसी दौरान रितेश, विनोद, छोटू, मनोज, भगवान सिंह हाथों में चाकू, डंडे लेकर राहुल के घर में घुसे। उसे पीटते हुए बाहर लाये। यह देख पति को बचाने के लिये उसकी पत्नी मंजू बीच बचाव करने गई तो एक बदमाश ने सिर में ईंट मारकर उसे घायल कर दिया और उसी के सामने राहुल की चाकू मारकर हत्या कर दी। सूचना मिलने पर नागझिरी थाने का डायल 100 वाहन मौके पर पहुंचा। राहुल को उठाकर पुलिस वाहन में ही जिला चिकित्सालय लाया गया जहां डॉक्टर ने परीक्षण के बाद राहुल को मृत घोषित किया।
मृतक की पत्नी मंजू ने बताया कि दो वर्ष पहले राहुल को उक्त लोगों से काम के बदले रुपये लेना थे तभी विवाद हुआ था लेकिन वर्तमान में आरोपियों से कोई विवाद नहीं हुआ। नागझिरी पुलिस ने हत्या कर प्रकरण दर्ज कर तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
राहुल की पत्नी मंजू ने बताया कि परिजनों ने घायल हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया था जहां देर रात 8-10 लोग आये और कहा कि तेरा पति तो मर गया है, अब तू अपनी जान की सोच। हालांकि यह बात झूठी बताई जा रही है क्योंकि घायलों के पास पुलिस जवान ड्यूटी कर रहे हैं।
