
जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कुंडेश्वर धाम में होम क्वारंटीन का उल्लंघन और एसडीएम को धमकाने के मामले में बीजेपी नेता और उनके पुत्र पर मामला दर्ज किया गया है। टीकमगढ़ जिले का प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कुंडेश्वर धाम में बीजेपी नेता कोरोना पॉजिटिव आए थे। प्रशासन की तरफ से दोनों बाप-बेटे को क्वारंटीन किया गया था।
दोनों के घर के बाहर बैरिकेड्स लगाए गए थे। पिता-पुत्र बैरिकेड्स हटाकर पूरे नगर और बाजार में घूम रहे थे। चौकीदार ने इसकी शिकायत जिला प्रशासन से की , इसके बाद टीकमगढ़ एसडीएम सौरभ कुमार मिश्रा शनिवार की दोपहर कुंडेश्वर धाम पहुंचे। कुंडेश्वर धाम पहुँचकर जब एसडीएम सौरभ कुमार द्वारा बात करके शासन की गाइडलाइंस का पालन करने को कहा गया तो बीजेपी नेता नितिन दिक्षित आग बबूला हो गए और टीकमगढ़ एसडीएम सौरभ कुमार से अभद्रता करने लगे व गाली-गलौज किया गया।
पिता-पुत्र दोनों पर दर्ज की गई एफआईआर
बीजेपी नेता मृत्युंजय दीक्षित और उनके पुत्र पर पुलिस ने धारा 188, 270, 294, 353, 166 और आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। इस बात की जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने मामले की पुष्टि की है।
एसडीएम ने घर आकर के अभद्रता की-मृत्युंजय दीक्षित
उधर पूरे मामले को लेकर बीजेपी नेता मृत्युंजय दीक्षित का कहना है कि एसडीएम ने घर आकर के अभद्रता की और गाली गलौज किया।उन्होंने कहा कि मेरे ऊपर और पुत्र के ऊपर मामला दर्ज करा दिया है। यह प्रशासन की नाइंसाफी है। दरअसल, टीकमगढ़ जिले में भी कोरोना संक्रमण की रफ्तार काफी तेज है। शनिवार को टीकमगढ़ जिले में कोरोना से संक्रमित 166 मरीज मिले थे
