बढ़ते कोरोना संक्रमण के चलते मध्य प्रदेश की सरकार नया प्रयोग करने जा रही है। प्रधानमंत्री सहित मुख्यमंत्री और सभी लोग बार-बार लोगों से मास्क पहनने की अपील कर रहे हैं और इसे अभी तक कोरोना से बचने का सबसे सुरक्षित उपाय बता रहे हैं, लेकिन कई लोग इसका पालन ही नही करते। कोरोना को रोकने के लिए गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने बड़ा ऐलान किया है, उनका कहना है कि तमाम समझाइश के बावजूद लोग नहीं मान रहे हैं और अभी भी मास्क पहनने में लोगों को परेशानी हो रही है।

ऐसे लोगों को रोकने के लिए प्रदेश पुलिस विभाग का एक नया प्रयोग –
अभी तक पुलिस कोरोना को रोकने के लिए मास्क न पहनने वालों को जुर्माना या सजा देने जैसे काम कर रही थी, लेकिन अब एक अभिनव प्रयोग करने की घोषणा मध्य प्रदेश के गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने की है। इसके तहत ऐसे व्यक्तियों की जो मास्क नहीं पहनते, एक संदेश के साथ फोटो सोशल मीडिया पर डाली जाएगी। मास्क नहीं पहनने वाले लोगों को रोक कर उनका एक फोटो खींचा जाएगा और उस फोटो के नीचे लिखा जाएगा ‘कोरोना मेरा यार, समाज से नही है प्यार।’ नरोत्तम का मानना है कि इस प्रयोग के माध्यम से लोगों को इस बात का एहसास होगा कि वे मास्क न पहनकर कितना बड़ा अपराध समाज के प्रति कर रहे हैं और ऐसे लोगों को देखकर उन लोगों को भी यह समझ आएगी जो मास्क नहीं पहनते हैं ,वे भी मास्क पहनते को प्रेरित होंगे।
