
कोरोना वायरस के तीसरी लहर की शुरूआत आज से हो गयी है। एनटीपीसी विन्ध्याचल के 3 जवान व 2 महिलाएं एक साथ कोरोना पॉजीटिव पाये गये हैं। इसकी खबर मिलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कम्प मच गया है। जिले में कोरोना एक्टिव केस की संख्या अब 6 हो गयी है।
संक्रमित कोरोना मरीजों में एनटीपीसी विन्ध्याचल के सीआईएसएफ के जवान व महिलाएं शामिल हैं। हालांकि अभी तक इनका कोई टे्रवल हिस्ट्री नहीं मिल पायी है। इनके संपर्क में कौन आया प्रबंधन के साथ-साथ प्रशासन भी पता लगाने में लगा हुआ है। कोरोना पॉजीटिव सीआईएसएफ के जवानों व महिलाओं को रसियन भवन में उपचार चल रहा है। वहीं तीन जवानों को कोविड-19 का दूसरा डोज भी लग चुका है। चिकित्सक मान रहे हंै कि ज्यादा खतरा नहीं है। लेकिन जिनके संपर्क में आये होंगे उनकी जांच करना आवश्यक हो गया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.एनके जैन ने शनिवार की देर शाम नोवल कोरोना वायरस कोविड-19 डेली मीडिया हेल्थ बुलेटिन जारी किया है। जिनके अनुसार आज कोरोना के 5 नये व्यक्ति पॉजीटिव मिले हैं। अब तक कुल 8801 व्यक्ति संक्रमित हो चुके हैं। वहीं 25 मार्च 2020 से लेकर अब तक 85 लोगों की जाने भी जा चुकी हैं। जिले में कोरोना एक्टिव केस की संख्या आधा दर्जन पहुंच गयी है। जारी बुलेटिन के अनुसार आज रीवा मेडिकल कॉलेज से निगेटिव सेम्पलों की संख्या 782 है। वहीं कुल निगेटिव सेम्पल की संख्या 221094 है। 778 नये सेम्पल लिये गये हैं। कुल 241396 सेम्पल लिये जा चुके हैं। तो वहीं कोरोना वायरस से 8710 व्यक्ति स्वस्थ्य भी हुए हैं।
फिलहाल अभी तक एक्टिव कंटनमेंट एरिया घोषित नहीं हुआ है। वहीं शनिवार को एक साथ 3 सीआईएसएफ के जवानों व महिलाओं के कोरोना पॉजीटिव मिलने से जहां प्रशासन की चिंताएं बढ़ गयी हैं तो वहीं अब सभी जिले वासियों को सावधानियां, सतर्कता बरतना आवश्यक हो गया है। यदि इसी तरह लापरवाही करते रहे तो कोरोना के तीसरी लहर को आने में देरी नहीं हो सकती है।
