
रामायण के रचयिता महर्षि वाल्मीकि की तुलना तालिबान से कर धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोप में उर्दू कवि मुनव्वर राणा के खिलाफ मध्यप्रदेश के गुना में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अधिकारी के अनुसार भाजपा के अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के राज्य सचिव सुनील मालवीय और वाल्मीकि समुदाय के अन्य सदस्यों की शिकायत के बाद यह मामला दर्ज किया गया है।
मुनव्वर राणा ने हाल ही में विवादित बयान दिया था। उन्होंने एक चैनल से बातचीत में कहा था कि तालिबान उतने ही आतंकी हैं, जितना कि रामायण लिखने वाले वाल्मीकि थे। उनसे पूछा गया था कि तालिबान आतंकी संगठन है या नहीं। मशहूर शायर ने इसके जवाब में कहा था कि अगर वाल्मीकि रामायण लिखते हैं तो वह देवता हो जाते हैं। उससे पहले वह डाकू थे। उनका कहना था कि किरदार बदलता रहता है।
बता दें कि एक चैनल से बात करते हुए राणा ने कहा था कि वाल्मीकि रामायण लिखने के बाद भगवान बन गए लेकिन इससे पहले वह डकैत थे। व्यक्ति का चरित्र बदल सकता है। इसी तरह, तालिबान, अभी के लिए आतंकवादी हैं, लेकिन लोगों का चरित्र कभी भी बदल सकता है।
वहीं मालवीय ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि राणा ने अपनी टिप्पणियों से महर्षि वाल्मीकि का अपमान किया और वाल्मीकि समुदाय और हिंदुओं की भावनाओं को आहत किया। इसके अलावा गुना के पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा ने कहा कि राणा के खिलाफ कोतवाली थाने में मामला दर्ज किया गया है। मामले को संबंधित जिले लखनऊ को भेजा जाएगा।
वहीं पुलिस ने कहा कि राणा के खिलाफ आईपीसी की धारा 505 (2) के तहत मामला दर्ज किया गया है और इसे यूपी के लखनऊ के हजरतगंज पुलिस थाने में भेजा गया है।
एमपी बीजेपी की एससी सेल के सचिव सुनील मालवीय का आरोप है कि मुनव्वर राणा ने भगवान वाल्मीकि की तुलना तालिबानियों से कर के दलित समाज का अपमान किया है और हिंदू आस्था को चोट पहुंचाई है। उनका कहना है कि वाल्मीकि उनके लिए भगवान हैं। सारे समुदाय को शायर की टिप्पणी से गहरा आघात पहुंचा है। उन पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
यह कोई पहली बार नहीं है, जब मुनव्वर राणा पर विवादित बयान देने का आरोप लगा है। इससे पहले भी वह अपने बयानों के जरिए से विवाद खड़ा कर चुके हैं। उन्होंने कहा था कि यूपी में तालिबान जैसा काम हो रहा है। योगी सरकार कुछ भी कर सकती है। धर्मांतरण जैसे मसलों से मुल्क बर्बाद होता है।
उनका कहना था कि महात्मा गांधी सीधे थे, नाथूराम गोडसे तालिबानी था। यूपी में भी तालिबान जैसा काम हो रहा है। उन्होंने कहा था कि योगी फिर से सीएम बनते हैं तो मैं समझ जाऊंगा कि यह राज्य मुसलमानों के लिए रहने लायक नहीं है। इसके बाद से बीजेपी उन पर लगातार हमलावर है।
