
पंजाब में कांग्रेस के दो बड़े नेताओं का झगड़ा और तेज होता जा रहा है. झगड़ा है मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू के बीच. इसी संबंध में अमरिंदर ने कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी को एक पत्र लिखा है. इंडिया टुडे के सूत्रों के मुताबिक पत्र में अमरिंदर ने नवजोत सिंह सिद्धू को पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष बनाने की पार्टी की योजना पर आपत्तियां जाहिर की हैं. अमरिंदर ने लिखा है,
“दिल्ली में हाई कमान को ये समझना चाहिए कि पंजाब में इस समय कैसी स्थितियां हैं. और इन स्थितियों में किसी भी तरह का बड़ा बदलाव करना ठीक नहीं होगा. अगर ऐसा होता है तो पार्टी और पंजाब सरकार दोनों को इसका ख़ामियाजा भुगतना पड़ सकता है.”
बताया जा रहा है कि अमरिंदर ने चिट्ठी के माध्यम से इस बात पर नाराजगी भी जाहिर की है कि हाई कमान पंजाब के मसलों में अनावश्यक दख़ल दे रहा है. उन्होंने लिखा है कि जल्दबाजी में उठाया गया कोई भी कदम राज्य में कांग्रेस को दोराहे पर लाकर खड़ा कर देगा.
इससे पहले 16 जुलाई को ही कांग्रेस नेता सिद्धू ने दिल्ली पहुंचकर सोनिया गांधी से मुलाकात की थी. सोनिया से पहले वे राहुल गांधी से भी मिल चुके हैं.
