

आज पूरा देश कोरोना संक्रमण से जूझ रहा है वहीं मध्यप्रदेश में आए दिनों हॉस्पिटलों में ऑक्सीजन की कमी की खबरें आती हैं,कई अस्पतालों में ऑक्सीजन की कमी है और मरीजों के परिजन परेशान हैं। ऑक्सीजन की कमी से लगातार पूरे प्रदेश में मौतें हो रही हैं।कोरोना संक्रमण के बीच ऑक्सीजन की कमी भी एक बड़ी समस्या का रूप ले चुकी है। इस बीच
कटनी के एक प्रायवेट अस्पताल श्रीराम मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल ने ‘ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं है’ का पर्चा चिपका दिया।
कटनी के आदर्श कालोनी क्षेत्र के प्राइवेट अस्पताल श्रीराम मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल प्रबंधन ने अपने गेट पर ‘ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं है, मरीजों की भर्ती नहीं हो सकेगी’ का पर्चा चिपका दिया है। वहीं भर्ती मरीजों के परिजन ऑक्सीजन के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं। अस्पताल के डॉक्टर गगन सोनी का कहना है कि प्रशासन हमे ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं करा रहा है, हमने कई बार कलेक्टर से भी ऑक्सीजन मुहैया कराने का अनुरोध किया है। डॉक्टरों का कहना है कि प्रशासन द्वारा उन्हें ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।

वहीं प्रशासन का कहना है कि ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं है और अस्पतालों को उनकी जरूरत के मुताबिक ऑक्सीजन की सप्लाई की जा रही है।
