
धार से बीजेपी सांसद छतर सिंह दरबार की फिसली जुबान
धार। शनिवार को मोदी सरकार की शान में कसीदे पढ़ते समय बीजेपी सांसद ने कुछ ऐसा कह डाला कि वे खुद ही भरी सभा में उपहास के पात्र बन गए। धार से बीजेपी सांसद छतर सिंह दरबार ने यह दावा किया कि अमेरिका के सैनिक भारत के सैनिकों के सिर काट कर अमेरिका ले गए थे। इतना ही नहीं बीजेपी नेता ने यह भी कहा कि अभिनंदन पाकिस्तान के बजाय अमेरिका में पकड़ा गया था।
कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए सांसद दरबार ने कहा कि 20 सैनिकों के सिर काटकर ले गए थे अमेरिका के आतंकवादी और अमेरिका की सेना. जबरदस्ती जबरदस्ती आ कर. तत्कालीन प्रधानमंत्री, तत्कालीन सरकार ने कई शक्तिशाली देशों से आग्रह किया कि साब हमारे सिर वापस लौटवा दो, हमारी मदद करो. मदद करने की और सिर लौटाने की बात तो दूर रही, अमेरिका की मिलिट्री और आतंकवादियों ने हमारे सैनिकों के सिरों का फुटबॉल जैसा सुलूक किया. और वीडियो वायरल करके हमें जलील किया.
अभी आपको याद होगा, हमारा वायुसेना का अधिकारी पकड़ा गया था अमेरिका में, अभिनंदन वहां फूल बरसाने नहीं गया था, अभिनंदन वहां मारने गया था. मिसाइल दागने गया था, तोप का गोला मारने गया था. पर किसी कारणवश वो पकड़ा गया. मैं वो देख रहा था मोदी जी ने उस वक्त क्या किया था. मैं हाउस में उपस्तिथ था. मोदी जी ने किसी के सामने गिड़गिड़ाए नहीं कि मेरे अभिनंदन को छुड़ाने में मदद करिए.’
सांसद छतरसिंह दरबार आए दिन किसी न किसी कारण से सुर्खियों में रहते हैं. दो दिन पहले ही कोरोना वैक्सीनेशन अभियान के एक कार्यक्रम में उन्होंने मनावर के बीएमओ जीएस चौहान को मंच से ही खरी-खोटी सुनाई थी, वो भी केवल इसलिए कि उनके आने से पहले ही कार्यक्रम शुरू करवा दिया गया था.
