
भारत में कोरोना वायरस की दूसरी लहर जारी है और हर दिन कोविड-19 के नए रिकॉर्ड सामने आ रहे हैं. इस कारण कई राज्यों में ऑक्सीजन की किल्लत है और इस बीच महाराष्ट्र के नासिक के एक अस्पताल में बड़ा हादसा हुआ और जाकिर हुसैन अस्पताल में ऑक्सीजन टैंक लीक हो गया. नासिक के इस दर्दनाक हादसे में 22 मरीजों की मौत हो गई है.प्रधानमंत्री मोदी समेत कई नेताओं ने दुख जताया.मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं.एफडीए मंत्री राजेंद्र सिंगणे के साथ स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे नासिक के लिए रवाना हो गए हैं.

ऑक्सीजन के टैंकर से टंकी में रीफिल करते वक्त वॉल्व से लीकेज शुरू हुआ. टैंकर से सिलेंडर में रीफिल करते वक्त जब लिकेज शुरू हुआ तब टेक्निशियन मौजूद नहीं थे. नासिक के जाकिर हुसैन अस्पताल में ऑक्सीजन टैंक लीक होने के बाद पूरे इलाके में ऑक्सीजन गैस फैल गई. देखते ही देखते पूरे अस्पताल परिसर में धुआं फैल गया. शुरुआत में लोगों को लगा कि कहीं आग लग गई है. लोगों ने फायर ब्रिगेड को इस संबंध में तुरंत कॉल किया. पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई है. जिलाधिकारी सूरज मांढरे ने पुष्टि की है कि घटना में 22 लोगों की मौत हुई है. रेस्क्यू के लिए फायर ब्रिगेड की टीम को आना पड़ा और हालात पर काबू पा लिया गया है.

हादसे में अब तक 22 लोगों की मौत
नासिक में हुई इस घटना की जानकारी देते हुए महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने बताया, ‘ऑक्सीजन लीक हादसे में अब तक 22 लोगों की जान गई है, जबकि कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है.’ उन्होंने बताया कि जाकिर हुसैन अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी के चलते मरीजों की मौत हुई. ये सभी मरीज वेंटीलेटर पर थे.
